बोलता सच,लखनऊ : भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्यक्रम की तारीखों में संशोधन करते हुए नई समय-सारिणी जारी कर दी है। इसकी जानकारी प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 01 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए तैयार की जा रही मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) अब 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। पहले जारी कार्यक्रम में इसमें बदलाव किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या नाम हटाने से संबंधित दावे और आपत्तियां 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इसके बाद 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 के बीच नोटिस की प्रक्रिया, गणना प्रपत्रों पर निर्णय और प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी निर्धारित प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा। उन्होंने आम मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी प्रविष्टियों की जांच कर आवश्यक सुधार जरूर कराएं।
इसको भी पढ़ें : भारत–नेपाल सीमा पर एसएसबी ने अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश कर रही उज़्बेकिस्तान की महिला को पकड़ा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































