बोलता सच,नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार को शुरू होते ही हंगामेदार हो गया। सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भी सदन की कार्यवाही की शुरुआत आवारा कुत्तों की गिनती के मुद्दे पर जोरदार हंगामे के साथ हुई। भाजपा विधायक अजय महावर ने यह मुद्दा उठाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
सदन में बढ़ते हंगामे और गरमागरमी को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही 30 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। दोबारा बैठक शुरू होने पर भी हंगामा थम नहीं सका, जिसके बाद सदन की कार्यवाही एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इस मुद्दे पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर उन पर भ्रामक और तथ्यहीन बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल द्वारा यह दावा करना कि शिक्षकों को आवारा कुत्तों की गिनती की ड्यूटी दी जा रही है, पूरी तरह गलत और अफवाह फैलाने वाला है। मंत्री ने पत्र में मांग की कि केजरीवाल दिल्ली की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
विधानसभा के बाहर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज रही। भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि केजरीवाल और आप नेताओं ने झूठ बोला है और कुत्तों को लेकर किसी आदेश के पारित होने का गलत दावा किया गया। उन्होंने कहा कि इसके लिए आम आदमी पार्टी को दिल्ली, शिक्षकों और पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के विधायकों ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के मुद्दे पर विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण है, लेकिन भाजपा इस पर बहाने बनाकर चर्चा नहीं होने दे रही।
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को भी प्रदूषण के मुद्दे पर विधानसभा में भारी हंगामा हुआ था। मास्क पहनकर सदन में पहुंचे आप विधायकों की नारेबाजी के चलते उपराज्यपाल का अभिभाषण बाधित हुआ, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने चार आप विधायकों—संजीव झा, कुलदीप कुमार, सोमदत्त और जरनैल सिंह—को मार्शल आउट कर तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया था। इस कार्रवाई के विरोध में आप विधायकों ने सदन का बहिष्कार किया और विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने नारेबाजी की।
इसको भी पढ़ें : ईरान में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारत ने जारी की यात्रा सलाह, गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































