बोलता सच,नई दिल्ली। सूडान के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत सरकार ने सूडान और उसके नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सूडान के विदेश मंत्री राजदूत मुही अल-दीन सालेम अहमद इब्राहिम और सूडान की जनता को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत सूडान की प्रगति और विकास में सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत की ओर से यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब सूडान गंभीर राजनीतिक अस्थिरता और मानवीय संकट से जूझ रहा है। विदेश मंत्री के संदेश में सूडान के साथ मित्रतापूर्ण संबंधों और भविष्य में सहयोग की प्रतिबद्धता को दोहराया गया है।
गौरतलब है कि सूडान का स्वतंत्रता दिवस हर वर्ष 1 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1956 में सूडान को ब्रिटेन और मिस्र के संयुक्त शासन से आजादी मिली थी। यह दिन सूडान की संप्रभुता, स्वतंत्र पहचान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर देशभर में राष्ट्रीय अवकाश रहता है और विभिन्न सांस्कृतिक एवं आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
हालांकि, बीते कुछ वर्षों से सूडान गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। अप्रैल 2023 से शुरू हुए गृहयुद्ध ने देश को भारी तबाही की ओर धकेल दिया है। सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच संघर्ष राजधानी खार्तूम सहित कई बड़े शहरों में फैल चुका है। इस हिंसा में अब तक 28 हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
गृहयुद्ध के कारण सूडान में दुनिया का सबसे बड़ा विस्थापन संकट पैदा हो गया है। करीब 95 लाख लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। लाखों लोग भुखमरी, बीमारी और अमानवीय हालात में जीवन जीने को विवश हैं। ऐसे हालात में अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सूडान को मानवीय सहायता और शांति प्रयासों के लिए समर्थन की उम्मीद है। भारत की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर दिया गया यह संदेश सूडान के प्रति एकजुटता और सहयोग की भावना को दर्शाता है
इसको भी पढ़ें : देवरिया : यौन उत्पीड़न में जिसे जेल भिजवाया उसी से कर ली शादी
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































1 thought on “सूडान के स्वतंत्रता दिवस पर भारत की शुभकामनाएं, जयशंकर ने जताया सहयोग का भरोसा”