Breaking News

सुनेत्रा पवार ने ली महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ, अजित पवार के निधन के बाद संभाली जिम्मेदारी

Bolta Sach News
|
Sunetra Pawar took the first seat in Maharashtra

बोलता सच,मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने शनिवार को एक सादे और भावुक समारोह में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 62 वर्षीय सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की 11वीं और पहली महिला डिप्टी सीएम बनी हैं।

एनसीपी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती में एक दुखद हादसे में निधन हो गया था। राजकीय शोक की अवधि समाप्त होने के बाद सुनेत्रा पवार को उनका उत्तराधिकारी चुना गया। इससे पहले एनसीपी विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार भी मौजूद रहे।

इसके बाद लोकभवन में आयोजित संक्षिप्त शपथ ग्रहण समारोह में भावुक माहौल देखने को मिला और “अजित दादा अमर रहे” के नारे भी लगाए गए।

सुनेत्रा पवार से जुड़ी प्रमुख बातें

  • सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनी हैं।

  • वह मूल रूप से उस्मानाबाद (अब धाराशिव) जिले से ताल्लुक रखती हैं।

  • वह एनसीपी से डिप्टी सीएम बनने वाली पहली महिला और कुल पांचवीं नेता हैं।

  • उनसे पहले विजयसिंह मोहिते पाटिल, आर.आर. पाटिल, छगन भुजबल और अजित पवार यह पद संभाल चुके हैं।

  • वह पहली ऐसी उपमुख्यमंत्री हैं, जो विधानमंडल की सदस्य न होकर राज्यसभा सांसद हैं।

  • उन्होंने औरंगाबाद विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई की है।

  • 1985 में उनका विवाह अजित पवार से हुआ था।

  • वह पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद पद्मसिंह पाटिल की बहन हैं।

राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि

सुनेत्रा पवार बारामती के प्रतिष्ठित विद्या प्रतिष्ठान की ट्रस्टी भी हैं। उन्होंने 2024 में बारामती से लोकसभा चुनाव लड़ा था, जहां उनका मुकाबला सुप्रिया सुले से हुआ था। यह चुनावी जंग काफी चर्चा में रही, हालांकि बाद में दोनों के बीच तल्खियां कम हो गई थीं।

सुनेत्रा पवार को पढ़ने, फोटोग्राफी और चित्रकला का शौक है और वह लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं। उनके डिप्टी सीएम बनने से पहली बार उस्मानाबाद (धाराशिव) जिले को राज्य स्तर पर बड़ा प्रतिनिधित्व मिला है।

राजनीति में बड़ा मोड़

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना महाराष्ट्र की राजनीति में एक अहम टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है। अजित पवार के साथ लंबे समय तक जुड़े रहने के कारण उन्हें सत्ता और संगठन की गहरी समझ है। उनकी छवि विवादों से दूर, अनुशासित और लो-प्रोफाइल नेता की रही है।

पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल न सिर्फ ऐतिहासिक माना जा रहा है, बल्कि आने वाले समय में पश्चिमी महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी भूमिका और भी अहम हो सकती है।


इसको भी पढ़ें : गोरखपुर में पुल के पास मिली अज्ञात महिला की नग्न लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply