बोलता सच,फरीदाबाद : सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए दर्दनाक झूला हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के लिए जिम्मेदार झूला संचालक कंपनी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में घायलों को बचाने के दौरान हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद शहीद हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, थाना सूरजकुंड में हिमाचल प्रदेश की हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के मालिक मोहम्मद शाकिर, निवासी गांव टोका नंगला, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) और दूसरे आरोपी नितेश, निवासी धर्मपुरी सदर, मेरठ कैंट (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त अपराध की निगरानी में तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। यह टीम हादसे से जुड़े तकनीकी और वैज्ञानिक पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
उधर, शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचे और शहीद के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने कर्तव्य निभाते हुए घायलों की जान बचाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। पूरा पुलिस विभाग उनकी बहादुरी पर गर्व करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग की अनुकंपा नीति के तहत शहीद के परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता दी जाएगी और परिवार के योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए थे, जिनमें पुलिसकर्मी और आम नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इलाज के बाद पांच घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
इसको भी पढ़ें : देवरिया : पथरदेवा विधानसभा में मतदाता सूची से छेड़छाड़ का आरोप, सपा ने चुनाव आयोग से की जांच की मांग
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































