Breaking News

स्वास्तिक सिटी सड़क कब्जा विवाद: पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत तीन पर FIR, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

Bolta Sach News
|
Swastik City road occupation dispute
बोलता सच,लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जौनपुर से पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि स्वास्तिक सिटी कॉलोनी के निवासियों को धमकाया गया, रोड पर अवैध कब्जा किया गया और मारपीट की गई। मामले में एकतरफा कार्रवाई करने के आरोप में सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

यह विवाद अहिमामऊ स्थित स्वास्तिक सिटी कॉलोनी में सड़क पर कथित कब्जे से जुड़ा है। कॉलोनीवासियों के अनुसार, जौनपुर निवासी विनय सिंह की पत्नी मांडवी के नाम यहां 4500 वर्ग फुट का प्लॉट है, जहां निर्माण कार्य चल रहा है। प्लॉट के बगल से कॉलोनी की करीब 20 फुट चौड़ी पुरानी सड़क गुजरती है, जो कॉलोनीवासियों के आने-जाने का मुख्य रास्ता है।

आरोप है कि महराजगंज के ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह की नजर इस सड़क पर थी और वह इसे अपने परिसर में शामिल करने के लिए ईंट की दीवार खड़ी कर रास्ता बंद करने लगे। जब कॉलोनी के लोगों ने इसका विरोध किया तो ब्लॉक प्रमुख अपने गनर और 8–10 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और मारपीट की। इस दौरान एक व्यक्ति रामू के बेहोश होने का भी आरोप है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें पूर्व सांसद धनंजय सिंह का नाम लेकर फोन पर धमकियां दिलवाई गईं।

कॉलोनी निवासी कौशल त्रिपाठी की तहरीर पर मंगलवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को ब्लॉक प्रमुख की शिकायत पर कॉलोनी के लोगों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। इस एकतरफा कार्रवाई को लेकर मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्तिक सिटी में सड़क पर कब्जे को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था। कई बार थाने में शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पूर्व सांसद के प्रभाव में आकर पुलिस ने पहले गलत कार्रवाई की, लेकिन अब उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सड़क कब्जे, मारपीट व धमकी के आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply