बोलता सच,नई दिल्ली: रवींद्रनाथ टैगोर की मशहूर पेंटिंग ‘फ्रॉम अक्रॉस द डार्क’ जल्द ही नीलामी के लिए पेश की जाएगी। यह कलाकृति टैगोर ने मसूरी की कसमंडा राजकुमारी विद्यावती देवी को उपहार में दी थी। कला प्रेमियों का अनुमान है कि यह पेंटिंग 2 से 3 करोड़ रुपये के बीच बिक सकती है। 1937 में बनी इस रचना में एक व्यक्ति अंधेरी पहाड़ी पर बैठा दिखता है, जिसे हल्की रोशनी घेरे हुए है। उसके चारों ओर गहरे हरे और गेरू रंगों का संयोजन है।
पेंटिंग में एक और आकृति भी दिखती है, जो छाया से आगे बढ़ती हुई प्रतीत होती है और उसके हाथ से हल्की चमक निकलती दिखाई देती है। इसके साथ एक हस्तलिखित, हस्ताक्षरित कार्ड भी नीलाम किया जाएगा, जिस पर बंगाली में ‘तामोसाह परस्तात’ और अंग्रेजी में ‘फ्रॉम अक्रॉस द डार्क’ लिखा है। यह कार्ड भी राजकुमारी को ही प्रदान किया गया था। फिलहाल यह कलाकृति मुंबई के एक म्यूजियम में है और पहली बार नीलामी के लिए उपलब्ध हो रही है।
अस्तागुरु ऑक्शन हाउस 14 से 17 दिसंबर तक इसे ऑनलाइन नीलाम करेगा। ऑक्शन हाउस के मार्केटिंग निदेशक मनोज मंसुखानी ने बताया कि यह पेंटिंग टैगोर ने जून 1937 में अल्मोड़ा में बनाई थी। यह चित्र उनके जीवन के अंतिम और अत्यंत रचनात्मक काल को दर्शाता है। टैगोर ने यह रचना राजकुमारी विद्यावती और उनके पति दिवाकर प्रकाश सिंह को उनके छोटे बच्चे की मृत्यु के दुख से उबरने में सहायता करने के लिए बनाई थी। उनकी मुलाकात 1937 की गर्मियों में अल्मोड़ा की आखिरी यात्रा के दौरान हुई थी।
नीलामी में सिर्फ टैगोर की पेंटिंग ही नहीं, बल्कि बंगाल स्कूल के प्रसिद्ध कलाकारों जैसे जैमिनी रॉय, बिकास भट्टाचार्जी और असित हलधर की कृतियां भी शामिल होंगी। इसके अलावा आधुनिक भारतीय कलाकारों—तायब मेहता, एफ.एन. सूजा, केएच आरा, सदानंद बकरे, जहांगीर सबावाला और कृष्ण खन्ना—की कलाकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। यह नीलामी कला प्रेमियों के लिए विभिन्न दौर और शैलियों की उत्कृष्ट कलाकृतियों को देखने और खरीदने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
कौन-सी पेंटिंग की कीमत 30–40 करोड़ रुपये?
इस नीलामी की सबसे महंगी कृति तायब मेहता की एक बिना शीर्षक वाली पेंटिंग होगी, जिसकी अनुमानित कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये है। उसके बाद जहांगीर सबावाला की ‘कॉन्सपिरेटर्स’ सबसे महंगी रहेगी, जिसकी कीमत 4 से 6 करोड़ आंकी गई है।
अस्तागुरु के एक अधिकारी ने बताया कि मनजीत बावा के दो कैनवस भी नीलामी में शामिल होंगे। उनकी ‘फ्लाइंग’ नामक कृति 3 से 5 करोड़ में बिकने की उम्मीद है। यह नीलामी भारतीय कला जगत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित हो सकती है, जहां अनेक दिग्गज कलाकारों की रचनाएं एक साथ प्रदर्शित होंगी।
इसको भी पढ़ें : समस्तीपुर एसपी कार्यालय में महिला ने काटी कलाई, सहायक जेल अधीक्षक पर पत्नी मानने से इनकार का आरोप; मामला दर्ज
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































