बोलता सच,गोरखपुर : गोरखपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खजनी थाना क्षेत्र के खोरठा गांव में 15 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन में कई वीडियो और रील रिकॉर्ड की थीं।
परिजनों के अनुसार, किशोर की मां सुमित्रा देवी जब सुबह उसके कमरे में पहुंचीं तो वह फंदे से लटका मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया तो पूरे गांव में मातम पसर गया।
परिवार मुंबई में करता है मजदूरी, गांव में रहता था किशोर
मृतक कृष्णा निषाद के पिता बेचू निषाद मुंबई में रहकर पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। उनके साथ बड़ा बेटा भी रहता है, जबकि कृष्णा अपनी मां और 12 वर्षीय बहन के साथ गांव में रहता था। कृष्णा ने कक्षा 6 के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और अधिकतर समय मोबाइल पर रील बनाने में बिताता था।
घटना से पहले दिखा था उदास
मां के अनुसार, 26 जनवरी की सुबह कृष्णा घर से निकल गया था और देर रात लौटा। वह काफी चुप और परेशान नजर आ रहा था। खाना खाने के बाद उसने कुछ भी बताने से इनकार किया और रोने लगा। मां ने उसे समझाकर सुला दिया और सोचा कि सुबह उससे बातचीत करेंगी, लेकिन सुबह यह भयावह घटना सामने आई।
मोबाइल में मिले कई वीडियो
ग्रामीणों का कहना है कि कृष्णा सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौकीन था और अक्सर वीडियो यूट्यूब पर अपलोड करता था। 26 जनवरी को भी वह दिन भर इधर-उधर घूमता रहा और कई वीडियो बनाए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसके मोबाइल में घटना से पहले रिकॉर्ड की गई कई रील मौजूद हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
खजनी थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि किशोर ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
इसको भी पढ़ें : एसिड अटैक मामलों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, दोषियों की संपत्ति जब्त कर पीड़ितों को मुआवजा देने का दिया सुझाव
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































