बोलता सच ,पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) ने मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। इसे ‘तेजस्वी का प्रण पत्र’ नाम दिया गया है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने सभी घटक दलों के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में इसे जारी करते हुए कहा कि यह केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि बिहार को नंबर वन राज्य बनाने का संकल्प है।
तेजस्वी यादव ने कहा, “यह दलों और दिलों का प्रण पत्र है। अगर हमें अपने प्राण देकर भी इसे पूरा करना पड़े तो करेंगे। जब भी कोई बिहारी कुछ ठान लेता है, वह उसे पूरा करता है।” उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “कुछ बाहरी शक्तियां बिहार को उपनिवेश बनाना चाहती हैं, लेकिन हम ऐसा किसी भी हाल में नहीं होने देंगे।”
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा और भ्रष्ट अफसरों ने उन्हें “पुतला मुख्यमंत्री” बना दिया है। तेजस्वी ने दावा किया कि भाजपा ने पहले ही संकेत दे दिया है कि नीतीश कुमार दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे।
हर परिवार को रोजगार, बाहर पलायन रोकने का वादा
तेजस्वी यादव ने कहा कि आने वाले 14 नवंबर को नई सरकार बनते ही बिहार में रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा,
“हर परिवार को नौकरी देंगे, आप बजट की चिंता मत कीजिए। हमने झूठे वादे नहीं किए हैं। हर योजना पर विशेषज्ञों से चर्चा के बाद ही वादा किया गया है।”
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब “भ्रष्टाचार मुक्त शासन” चाहती है। सरकारी दफ्तरों में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता, लेकिन नई सरकार आने के बाद यह स्थिति बदलेगी।
पुरानी पेंशन स्कीम और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
भाकपा (माले) के नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी और बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाकर 3000 रुपये की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था को फिर से शुरू किया जाएगा ताकि किसानों को फसल का उचित दाम मिल सके।
‘नए बिहार’ का रोडमैप
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि यह संकल्प पत्र “नए बिहार की नींव” रखेगा।
“एनडीए ने अब तक कोई घोषणा पत्र जारी नहीं किया है। शायद उन्हें लगता है कि बिहार पहले से खुशहाल है, लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि महागठबंधन का यह घोषणापत्र “घोषणा नहीं, प्रतिज्ञा पत्र” है। इसे सरकार बनने के तुरंत बाद लागू किया जाएगा।
सीपीआई(एम) नेता अवधेश कुमार ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में गरीबी, अपराध और महंगाई बढ़ी है। अब जनता ने “बदलाव का मन” बना लिया है।
इस खबर को भी पढ़ें : अलीगढ़-बुलंदशहर से अलग बन सकता है नया जिला ‘कल्याण सिंह नगर’, शासन स्तर पर शुरू हुई तैयारी
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































