Breaking News

शहर को मिलेगा नया गोरखनाथ ओवरब्रिज, सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

Bolta Sach News
|
The city will get a new Gorakhnath
बोलता सच,गोरखपुर : शहरवासियों के लिए राहत की खबर है। धर्मशाला–गोरखनाथ मंदिर मार्ग पर बने नए गोरखनाथ ओवरब्रिज का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लोकार्पण करेंगे। इस ओवरब्रिज के शुरू होने से धर्मशाला, गोरखनाथ मंदिर होते हुए सोनौली मार्ग की ओर जाने वाले राहगीरों को सुगम और जाममुक्त आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सीएम योगी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर शहर पहुंचेंगे। दोपहर बाद वह गोरखनाथ रोड पर बने नए ओवरब्रिज का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गौरतलब है कि धर्मशाला–गोरखनाथ मंदिर मार्ग पर लखनऊ–गोरखपुर रेलखंड के डोमिनगढ़ और गोरखपुर जंक्शन के बीच क्रॉसिंग संख्या 162ए पर पहले से एक ओवरब्रिज मौजूद है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुराने ओवरब्रिज के समानांतर एक नए ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है। इस परियोजना पर कुल 137.83 करोड़ रुपये की लागत आई है।
कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार के अनुसार यह दो लेन का ओवरब्रिज 600.653 मीटर लंबा और 7.50 मीटर चौड़ा है, जिसमें रेलवे भाग की लंबाई 76 मीटर है। गोरखनाथ मंदिर मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, ऐसे में यह नया ओवरब्रिज ट्रैफिक प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएगा।
नए ओवरब्रिज के चालू होने के बाद गोरखनाथ की ओर जाने वाले वाहनों को पुराने ओवरब्रिज से नहीं गुजरना पड़ेगा। आवागमन के लिए अलग-अलग ओवरब्रिज होने से जाम की समस्या में काफी कमी आएगी। इसके अलावा मकर संक्रांति से शुरू होने वाले एक माह तक चलने वाले गोरखनाथ मंदिर के खिचड़ी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
नया गोरखनाथ ओवरब्रिज कुछ विशेषताओं के कारण भी अलग है। इसके दोनों किनारों पर व्यू कटर लगाए गए हैं, जिससे आसपास के घरों की निजता बनी रहेगी और वाहनों के शोर में भी कमी आएगी।

इसको भी पढ़ें : लखनऊ समेत प्रदेश के नगर निगमों में बदलेगी गृहकर व्यवस्था, लागू होगा नया प्रॉपर्टी टैक्स मैनेजमेंट सिस्टम

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply