IPL 2026 में RCB की झोली में आए वेंकटेश अय्यर
आईपीएल 2026 की नीलामी में RCB ने एक बार फिर वेंकटेश अय्यर पर दांव लगाया। इस बार भी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंततः शाहरुख खान की टीम ने हाथ खींच लिए और RCB ने अय्यर को 7 करोड़ रुपये में अपने स्क्वाड में शामिल कर लिया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर अब तक आईपीएल में 61 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने करीब 30 की औसत और 137 के स्ट्राइक रेट से 1468 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में उनका योगदान सीमित रहा है और वह सिर्फ तीन विकेट ही ले पाए हैं।
प्लेइंग इलेवन में फिट करना बनेगा चुनौती
RCB को जब वेंकटेश अय्यर की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब वह टीम में नहीं आ सके। अब उनके जुड़ने के बाद सबसे बड़ी चुनौती उन्हें प्लेइंग इलेवन में फिट करने की होगी। टीम के पास विराट कोहली और फिल सॉल्ट के रूप में एक मजबूत और सैटल ओपनिंग जोड़ी है। तीसरे नंबर पर देवदत्त पडिक्कल और चौथे नंबर पर कप्तान रजत पाटीदार मौजूद हैं। ऐसे में अय्यर को मौका देने के लिए टॉप ऑर्डर में बदलाव करना पड़ेगा, जिसका मतलब हो सकता है कि पडिक्कल को बाहर बैठना पड़े।
स्पिन विभाग में कमजोरी बरकरार
RCB की एक बड़ी चिंता स्पिन गेंदबाजी को लेकर भी है। टीम के पास मुख्य स्पिनर के तौर पर सिर्फ सुयश शर्मा हैं, लेकिन उनके बैकअप की कमी साफ नजर आती है। अगर सुयश फ्लॉप रहते हैं या चोटिल हो जाते हैं, तो टीम मुश्किल में पड़ सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर RCB रवि बिश्नोई या राहुल चाहर जैसे लेग स्पिनर को इस कीमत में खरीद लेती, तो ऑक्शन और ज्यादा संतुलित माना जाता।
हालांकि, टॉप ऑर्डर के बैकअप बल्लेबाज के रूप में RCB के पास जैकब बेथेल और विहान मल्होत्रा जैसे विकल्प मौजूद हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि IPL 2026 में वेंकटेश अय्यर को RCB किस भूमिका में इस्तेमाल करती है।