बोलता सच,गोरखपुर : गीडा थाना क्षेत्र के पेवनपुर छपिया निवासी राममिलन मौर्य से 12 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाइम सिटी मल्टीस्टेट कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के निदेशक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने लखनऊ के गोयल इन्क्लेव, चिनहट निवासी अरविंद कुमार पांडेय (निदेशक, टाइम सिटी मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड) और वासुदेवनगर, चिनहट निवासी बृजेश शुक्ला को बृहस्पतिवार रात हिरासत में लिया। बृजेश शुक्ला मूल रूप से सुल्तानपुर जिले के कादीपुर बाबू का पूरा गांव का रहने वाला बताया गया है।
पीड़ित राममिलन मौर्य ने कैंट थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कंपनी के चेयरमैन और बस्ती के कप्तानगंज के पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला समेत कुल 14 लोगों को नामजद किया है। आरोप है कि वर्ष 2010 में कंपनी और उससे जुड़ी संस्थाओं—टाइम सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर एंड हाउसिंग लिमिटेड, रुपेश महेश्वरी एंड कंपनी व मिवान इंडस्ट्रीज—के माध्यम से भूखंड बिक्री और विभिन्न जमा योजनाएं चलाई गईं।
शिकायत के अनुसार, आरबीआई लाइसेंस और जमीन से संबंधित कथित फर्जी दस्तावेज दिखाकर निवेशकों को भरोसे में लिया गया। फिक्स डिपॉजिट, रेकरिंग डिपॉजिट और डेली डिपॉजिट योजनाओं में छह वर्ष में रकम दोगुनी करने या विकसित भूखंड की रजिस्ट्री देने का वादा किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि जमा धनराशि को फर्जी वाउचर के माध्यम से परिवार के सदस्यों के नाम नकद और बैंक खातों में स्थानांतरित कर गबन किया गया। जब उन्होंने अपनी राशि और प्लॉट की रजिस्ट्री की मांग की तो जान से मारने की धमकी दी गई।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
इसको भी पढ़ें : मवाना-मेरठ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































