Breaking News

मुर्शिदाबाद में निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर आज करेंगे ‘बाबरी मस्जिद’ का शिलान्यास, प्रशासन हाई अलर्ट पर

Bolta Sach News
|
TMC suspended in Murshidabad

बोलता सच,पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर शनिवार को अपने घोषित कार्यक्रम के अनुसार ‘बाबरी मस्जिद’ का शिलान्यास करने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को उन्होंने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कार्यक्रम पूर्व निर्धारित योजना के मुताबिक ही आयोजित किया जाएगा। उनके अनुसार, शनिवार को बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखी जाएगी। मरादिघी क्षेत्र में शुक्रवार को दिनभर तैयारियां जारी रहीं। हाईकोर्ट ने भी इस मुद्दे में दखल देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 40 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है, जबकि हुमायूं कबीर का दावा है कि मरादिघी मोड़ के पास लगभग तीन लाख लोगों की भीड़ इकट्ठा हो सकती है। देशभर के कई हिस्सों और सऊदी अरब से इस्लामी धर्मगुरु भी शामिल होने वाले हैं। भीड़ और कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हुमायूं कबीर ने कहा कि दोपहर 12 बजे के बाद कुरानखानी शुरू होगी और उसके बाद आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस से मिले सहयोग के लिए आभार भी जताया।


राज्यपाल की अपील

कार्यक्रम की घोषणा के बाद राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने पूरे राज्य के नागरिकों से शांति बनाए रखने, सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ संदेश से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे।


विशेषज्ञों और धर्मगुरुओं की प्रतिक्रियाएँ

इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के सचिव अतहर हुसैन का कहना है कि यदि कोई मस्जिद वैध स्थान और स्वीकृत नक्शे के आधार पर बनाई जाती है तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन केवल बाबर के नाम पर मस्जिद बनाना राजनीतिक उद्देश्य को दर्शाता है, जो धार्मिक भावना को कमजोर कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर नाम कुछ और होता तो धार्मिक सीमाओं से ऊपर उठकर सहयोग संभव था।

अखिल भारतीय शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने इसे देश को बांटने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर–मस्जिद के नाम पर पहले भी संघर्ष और हिंसा हो चुकी है और धार्मिक स्थल का नाम ऐसे व्यक्ति पर रखना ठीक नहीं जिसे मुसलमान स्वीकार नहीं करते। उनके अनुसार, यह राजनीतिक लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश है।


भाजपा की प्रतिक्रिया

भाजपा नेता दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर यह सब मुस्लिम वोट बैंक साधने के लिए कर रहे हैं। उनका कहना है कि कबीर को नई पार्टी बनाकर राज्य में मुसलमानों पर हो रहे कथित अत्याचारों पर काम करना चाहिए और विकास की राजनीति करनी चाहिए। घोष ने कहा कि मुसलमान आगे बढ़ना चाहते हैं और कबीर को उसी दिशा में नेतृत्व देना चाहिए।


इसको भी पढ़ें : पथरदेवा–विशुनपुरा मार्ग का निर्माण कार्य पूरा, 13 करोड़ की लागत से क्षेत्र को मिली नई सड़क सुविधा

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “मुर्शिदाबाद में निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर आज करेंगे ‘बाबरी मस्जिद’ का शिलान्यास, प्रशासन हाई अलर्ट पर”

Leave a Reply