Breaking News

बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए रची लूट की झूठी कहानी, पुलिस ने खोला राज

Bolta Sach News
|
To celebrate son's birthday

बोलता सच,गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक युवक ने अपने बेटे का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। उसने पुलिस को सूचना दी कि उसके साथ 50 हजार रुपये की लूट हुई है, लेकिन जांच में मामला पूरी तरह फर्जी निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गुलहरिया थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी 26 वर्षीय सनोज निषाद ने 11 दिसंबर को डायल 112 पर सूचना दी थी कि महाराजगंज से पोल्ट्री दाना पहुंचाकर लौटते समय जंगल हरपुर के दलदलहवा इलाके में दो पल्सर सवार युवकों ने उसे धमकाकर 50 हजार रुपये लूट लिए।

सीसीटीवी जांच में नहीं मिला कोई सुराग

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले। इसके बाद पुलिस को सनोज की कहानी पर संदेह हुआ।

कड़ाई से पूछताछ में टूटी कहानी

पुलिस की सख्ती के बाद सनोज ने लूट की झूठी कहानी रचने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि वह गांव के ही नरेश निषाद की पोल्ट्री फार्म में काम करता है और महाराजगंज में दाना पहुंचाने के बाद उसे 50 हजार रुपये मिले थे, जिन्हें उसे मालिक को लौटाना था।

बेटे के जन्मदिन और कर्ज चुकाने की थी योजना

सनोज ने स्वीकार किया कि 31 दिसंबर को उसके एक साल के बेटे का पहला जन्मदिन है, जिसे धूमधाम से मनाने के लिए उसने रुपये अपने पास रख लिए। इसके अलावा उसने 23 हजार रुपये उधार लिए थे, जिन्हें चुकाने की भी उसकी योजना थी।

बाइक की सीट के नीचे छुपाए थे रुपये

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बाइक की सीट के नीचे छुपाए गए 50 हजार रुपये बरामद कर लिए। पुलिस ने फर्जी सूचना देने और झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर सनोज निषाद को जेल भेज दिया है।


इसको भी पढ़ें : कफ सिरप तस्करी केस: ईडी को 189 फर्जी फर्मों का जाल मिला, 450 करोड़ का फर्जी टर्नओवर उजागर

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply