बोलता सच कुशीनगर : पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खिरकिया बाजार में मंगलवार तड़के एक युवक को पुलिस की मौजूदगी में गोली मार दी गई। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि जैसे ही गोली चली, मौके पर मौजूद दरोगा भाग खड़े हुए। हमलावर ने कुल तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली 30 वर्षीय विकास यादव के पेट में लगी। घायल अवस्था में विकास को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने फायरिंग में शामिल दो भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खिरकिया चौकी इंचार्ज रिजवान अहमद को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी।
लव ट्रायंगल बना हिंसा की वजह
जानकारी के अनुसार, खिरकिया बाजार निवासी राहुल (24) मेडिकल स्टोर संचालित करता है और उसी दुकान पर काम करने वाली एक युवती से उसका प्रेम संबंध है। उसी युवती को विकास यादव भी पसंद करता था, जिससे दोनों के बीच पहले से तनातनी चल रही थी।
मंगलवार सुबह जब राहुल युवती को उसके घर छोड़ने जा रहा था, तभी रास्ते में विकास ने उसकी बाइक रोककर चाबी और प्लग निकाल लिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। करीब 20 मिनट बाद जब राहुल वापस लौट रहा था, तो एक बार फिर दोनों की भिड़ंत हुई, जिसमें विकास के सिर में चोट आई और उसे अस्पताल ले जाया गया।
वापसी पर हुआ हमला, पेट में मारी गोली
इलाज के बाद जब विकास घर लौटा, तो उसके परिजन राहुल के घर पहुंचे। वहां फिर विवाद हुआ, जिसकी सूचना राहुल के भाई दिनेश को दी गई। दिनेश, जो अपनी आरा मशीन पर था (करीब 3 किमी दूर), तुरंत मौके पर पहुंचा। गुस्से में उसने रिवॉल्वर निकालकर पहले एक फायर जमीन पर किया, दूसरा फायर विकास की ओर, जो चूक गया। इसके बाद दिनेश दौड़कर विकास के पास पहुंचा और नजदीक से पेट में गोली मार दी।
पुलिस मौके पर थी, लेकिन कुछ नहीं किया
चश्मदीदों के अनुसार, घटना के वक्त पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन फायरिंग होते ही मौके से भाग गई। घायल विकास को परिजनों ने आनन-फानन में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। विकास के परिवार वालों ने बताया कि वह 25 दिन पहले अपने चाचा की मौत के बाद गांव आया था। इस घटना ने परिवार को एक और बड़ा सदमा दे दिया।
जांच जारी, और भी पुलिसकर्मी निशाने पर
फिलहाल पुलिस ने राहुल, उसका भाई दिनेश और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चौकी के अन्य पुलिसकर्मियों पर भी लापरवाही को लेकर कार्रवाई हो सकती है।
ये भी पढ़े : कुशीनगर में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की संदिग्ध मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































