Breaking News

तरकुलवा सीएचसी पर इलाज न मिलने से युवक की मौत, परिजनों और व्यापारियों का हंगामा

Bolta Sach News
|
Treatment at Tarkulwa CHC

बोलता सच देवरिया : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरकुलवा में इलाज के अभाव में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात की है, जब परिजन युवक को गंभीर हालत में सीएचसी लाए, लेकिन परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी वार्ड में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इलाज न मिलने पर युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और नगर के व्यापारियों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

मृत युवक की पहचान कृष्णा जायसवाल (19) पुत्र खजांची जायसवाल, निवासी थाना रोड, नगर पंचायत तरकुलवा के रूप में हुई है। उसके पिता किराने की दुकान चलाते हैं। परिजनों के अनुसार, देर रात कृष्णा की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसे तुरंत एंबुलेंस से सीएचसी तरकुलवा लाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर नहीं मिले और इलाज में देरी के कारण युवक की मौत हो गई।


व्यापारियों का आक्रोश, अस्पताल में प्रदर्शन

युवक की मौत की खबर फैलते ही नगर के व्यापारी और स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि सीएचसी तरकुलवा में रात के समय डॉक्टरों की अनुपस्थिति आम बात है, जिससे कई बार मरीजों की जान जोखिम में पड़ती है।


सीएचसी अधीक्षक ने आरोपों को किया खारिज

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने सभी आरोपों को नकारा। उन्होंने बताया कि युवक को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर मौजूद इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर आलोक गुप्ता ने उसे चेक कर मृत घोषित किया। डॉ. अमित ने यह भी कहा कि “परिजन बिना आधार के आरोप लगा रहे हैं। चिकित्सक अपनी ड्यूटी पर थे और नियमानुसार कार्रवाई की गई।”


गांव में शोक, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

बुधवार सुबह परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार छोटी गंडक नदी के किनारे किया। पूरे कस्बे में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस घटना के बाद सीएचसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि अस्पताल में रात के समय डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े।


इसे भी पढ़े : पडरौना में युवक को सरेआम गोली मारी, पुलिसकर्मी मौके से भागे; वीडियो वायरल

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply