बोलता सच : यूपी के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा से अवैध तरीके से प्रवेश करने का प्रयास कर रहे दो ब्रिटिश नागरिकों को शनिवार को पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। पकड़े गए व्यक्तियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पुरुष ब्रिटिश नागरिकता रखने के बावजूद पाकिस्तानी मूल का है।
सीमा पर नियमित गश्त के दौरान सुरक्षाबलों ने दोनों को संदिग्ध स्थिति में देखा। पूछताछ और जांच में पाया गया कि ये लोग बिना किसी वैध प्रवेश दस्तावेज के भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। दस्तावेज़ न मिलने पर दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित जांच एजेंसियों के सुपुर्द किया गया है।
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती लगातार बढ़ाई गई है। विशेषकर संवेदनशील इलाकों में एसएसबी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सतर्क गश्त कर रहे हैं। इसी दौरान इन दोनों नागरिकों की हरकतों पर सैनिकों को शक हुआ और तुरंत पकड़ लिया गया।
सुरक्षा एजेंसियाँ अब इनकी मंशा और भारत में प्रवेश की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध दस्तावेज सीमा पार करने का मामला बेहद गंभीर है और अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन भी। दोनों से विस्तृत पूछताछ के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इसको भी पढ़ें : देवरिया में मोबाइल दुकानदार को गोली मारने की घटना का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































