Breaking News

सूफी टोला में दो बरातघरों पर बुलडोजर, महिलाओं का विरोध—BDA ने कहा अवैध निर्माण

Bolta Sach News
|
Two wedding halls in Sufi Tola

बोलता सच,बरेली : बरेली के सूफी टोला स्थित ऐवान-ए-फरहत बरातघर को गिराने के लिए बीडीए ने मंगलवार दोपहर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। तोड़फोड़ के लिए दो बुलडोजर लगाए गए हैं। अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है। इससे पहले यहां रह रहे परिवारों ने कार्रवाई का विरोध किया। महिलाएं रोते हुए रहम की गुहार लगाती रहीं, लेकिन बीडीए टीम ने बरातघर को अवैध निर्माण बताते हुए अभियान शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान मालियों की पुलिया से सूफी टोला जाने वाला रास्ता ताज पैलेस के पास पुलिस ने वाहन खड़ा कर बंद कर दिया। दोपहर 3:45 बजे राशिद खां के गुड मैरिज हॉल पर भी बुलडोजर चलने लगे।

बीडीए के दो जेसीबी सरफराज वली खान और राशिद खां के बरातघरों को गिराने के लिए दोपहर 2 बजे पहुंचे। हालांकि कर्मचारी सुबह 9 बजे से ही मौजूद थे, लेकिन प्रशासनिक तैयारियों में लगभग पांच घंटे लग गए। दोपहर 2 बजे भारी फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस बीच छतों पर खड़ी महिलाओं ने कड़ा विरोध जताया। महिलाएं लगातार चिल्लाते हुए बरातघर न गिराने की मिन्नत करती रहीं। विरोध के बावजूद दोपहर 2:45 बजे बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई।

मानकों के विरुद्ध बनाए गए दोनों बरातघर

सूफी टोला के संकरे रास्ते पर बना ऐवान-ए-फरहत बरातघर सरफराज वली खान का है, जो लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और आजम खान के करीबी माने जाते हैं। इसके ठीक बगल में स्थित गुड मैरिज बरातघर राशिद खान का है, जो कारोबारी हैं और बरेली बवाल के आरोपी मौलाना तौकीर रज़ा के निकट बताए जाते हैं। बीडीए का कहना है कि दोनों बरातघर मानकों के विपरीत निर्मित हैं।

बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार के अनुसार, दोनों बरातघर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे थे और इनके नक्शे पास नहीं हैं। इनका ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया जा चुका है, जिसके तहत यह कार्रवाई की जा रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि थाना बारादरी क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बरातघर मालिक का बेटा सपा टिकट का दावेदार

आजम खान के नगर विकास मंत्री रहने के दौरान सरफराज अल्पसंख्यक कल्याण बोर्ड के सदस्य रहे हैं। आजम के शहर आने पर सरफराज ही उनका स्वागत करते हैं। उन्होंने अपने बेटे सैफ वली खान को सपा राजनीति में आगे बढ़ाने की कोशिश की है। सैफ कैंट विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार बताए जाते हैं। बरातघर ध्वस्त होने की स्थिति में सैफ की टिकट दावेदारी कमजोर पड़ सकती है।

बवाल में उकसाने का भी आरोप

गुड मैरिज हॉल के मालिक राशिद खान किसी राजनीतिक दल से सीधे जुड़े नहीं हैं, बल्कि व्यवसायी हैं। सूत्रों के मुताबिक सूफी टोला से बड़ी संख्या में युवक 26 सितंबर के बवाल में शामिल थे। कई जेल भेजे जा चुके हैं और कुछ अब भी घरों से दूर छिपे हुए हैं। इन्हें उकसाने और आर्थिक मदद देने में कई स्थानीय संपन्न लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, जिनमें राशिद का नाम भी बताया जा रहा है।

सोमवार का पूरा घटनाक्रम

सोमवार सुबह 9:30 बजे से एसआई क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। 10:50 बजे दो चौकी इंचार्ज बारादरी थाना फोर्स के साथ पहुंचे। 11 बजे जाम लगने पर पुलिस ने वाहनों को एक-एक कर पार कराया। 11:17 बजे गुड मैरिज हॉल के मालिक ने सामान बाहर निकालना शुरू किया। 11:22 बजे मालियों की पुलिया की ओर आने वाले ट्रैफिक को रोका गया। 11:33 बजे इंस्पेक्टर क्राइम अरविंद कुमार सरोज मौके पर पहुंचे। 11:45 बजे तक अधिकारी संपर्क में नहीं आए। दोपहर 12 बजे कार्रवाई स्थगित होने की जानकारी देकर पुलिस टीम लौट गई थी।


इसको भी पढ़ें : ओवरटेक विवाद में फौजी की हत्या, शादी का घर मातम में बदला

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply