Breaking News

बेकाबू कार कंबाइन से टकराई, दो सगे भाई गंभीर, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती

Bolta Sach News
|
Uncontrolled car collides with combine

बोलता सच,तरकुलवा (देवरिया)। पथरदेवा–कंचनपुर मार्ग पर सोमवार की सुबह भेलीपट्टी गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी कंबाइन मशीन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में घायल दो सगे भाइयों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।


शादी में शामिल होने जा रहे थे तीनों युवक

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के चौरा खास थाना क्षेत्र के भानपुर गांव निवासी मिनहाज खान और नियाज खान अपने रिश्तेदार परवेज आलम के साथ कार (संख्या अज्ञात) से बहन के घर शादी में शामिल होने बुलकिया बैजनाथा गांव जा रहे थे। बताया गया कि भेलीपट्टी गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खड़ी कंबाइन मशीन से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया। आसपास के ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।


दो भाइयों की हालत नाजुक, एक को हल्की चोटें

हादसे में मिनहाज खान और नियाज खान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि परवेज आलम को हल्की चोटें आईं। तीनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल देवरिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मिनहाज और नियाज की हालत नाजुक देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही तरकुलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है और वाहन मालिक की पहचान की जा रही है।


इस खबर को भी पढ़ें : सलेमपुर के सेंट जेवियर्स स्कूल के चार छात्र इसरो प्रशिक्षण में हुए शामिल, जिले का नाम किया रोशन

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “बेकाबू कार कंबाइन से टकराई, दो सगे भाई गंभीर, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती”

Leave a Reply