Breaking News

देवरिया में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी, 174 केंद्रों पर सख्त सुरक्षा के बीच 18 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

Bolta Sach News
|
UP Board exam in Deoria

बोलता सच,देवरिया : माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 26 मार्च तक आयोजित होंगी। वर्ष 2026 की इन परीक्षाओं के लिए देवरिया जिले में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष भी परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। जिले में कुल 174 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

प्रवेश और ड्यूटी को लेकर सख्त निर्देश

शिक्षा विभाग ने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर केवल एक ही गेट से प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि अन्य सभी गेट बंद रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र (आईकार्ड) अनिवार्य किया गया है। बिना आईकार्ड किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा ड्यूटी से जुड़े कर्मियों के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को विद्यालय परिसर में रहने की अनुमति नहीं होगी।

इस वर्ष हाईस्कूल में 30,572 छात्र, 26,982 छात्राएं और तीन थर्ड जेंडर विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट में 30,990 छात्र, 27,420 छात्राएं और एक थर्ड जेंडर विद्यार्थी शामिल होंगे। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

स्ट्रांग रूम और सीसीटीवी से निगरानी

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए सभी केंद्रों पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। डबल लॉक युक्त आलमारी में प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे जाएंगे। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को मोबाइल फोन के साथ स्ट्रांग रूम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

सभी केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के लिए इन्वर्टर की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। कैमरे बंद या खराब पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। रात में भी पुलिस बल और कर्मचारियों की तैनाती रहेगी।

प्रश्नपत्र वितरण की विशेष व्यवस्था

14 फरवरी से परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र भेजे जा रहे हैं। सुरक्षित भंडारण के लिए चार अलग-अलग आलमारियों की व्यवस्था की गई है। परीक्षा से पूर्व प्राप्त प्रश्नपत्र डबल लॉक आलमारी में रखे जाएंगे, जबकि परीक्षा के दौरान बचे प्रश्नपत्र और बंडल स्लिप अलग सुरक्षित रखे जाएंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) शिव नारायण सिंह ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जाएगी, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


इसको भी पढ़ें : नोएडा मेट्रो विस्तार को केंद्र की मंजूरी, सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply