बोलता सच,गोरखपुर: गोरखपुर के युवा क्रिकेटर विशाल निषाद के लिए यह सपनों के सच होने जैसा पल है। आईपीएल टी20 के लिए किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है। बेहद साधारण और गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले विशाल की इस उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
दाहिने हाथ के स्पिनर विशाल निषाद हाल ही में संपन्न यूपी टी20 लीग में गोरखपुर लायंस की ओर से खेलते नजर आए थे। इस लीग में उन्होंने अपनी सटीक और चकमा देने वाली गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींचा। बड़े-बड़े बल्लेबाजों के बीच खेलते हुए उन्होंने नितीश राणा जैसे नामी खिलाड़ी का विकेट लिया, जिसके बाद क्रिकेट विशेषज्ञों की नजर उन पर टिक गई। तभी से माना जा रहा था कि विशाल भविष्य के उभरते सितारे हैं, जिसे उन्होंने आईपीएल में चयन के साथ सही साबित कर दिया।
गरीबी से आईपीएल तक का सफर
राप्ती नदी के तट पर बसे गांव लहसड़ी के रहने वाले 21 वर्षीय विशाल के पिता उमेश निषाद राजगीर मिस्त्री हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। उमेश बताते हैं कि विशाल कई बार उनके साथ मजदूरी पर भी गया, लेकिन क्रिकेट के जुनून में उसने कभी अभ्यास नहीं छोड़ा। सीमित संसाधनों के बावजूद वह रोज अभ्यास करता रहा।
कोच दुर्गेश सिंह का रहा अहम योगदान
विशाल ने कोच दुर्गेश सिंह के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। परिवार का कहना है कि गुरुजनों की मेहनत, ईश्वर की कृपा और विशाल के संघर्ष का ही यह परिणाम है। बेटे की सफलता से पूरे गांव में जश्न का माहौल है और लोग मिठाइयां बांटकर खुशी मना रहे हैं।
टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना
एनबीटी ऑनलाइन से बातचीत में विशाल निषाद ने कहा कि उनका सपना भारत के लिए खेलना है। उन्होंने बताया कि आईपीएल में चयन उनकी सफलता की पहली सीढ़ी है। यूपी टी20 लीग में खेलते हुए उन्हें भुवनेश्वर कुमार, नितीश राणा और पीयूष चावला जैसे सीनियर खिलाड़ियों से सीखने का मौका मिला। विशाल ने यूपी लीग में तीन मैचों में 7 विकेट झटके थे।
विशाल ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, कोच और मेंटर को देते हुए कहा कि उन्हीं के सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। अब उनकी नजरें आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के जरिए टीम इंडिया तक पहुंचने पर टिकी हैं।
इसको भी पढ़ें : अयोध्या में सीएम योगी ने डॉ. रामविलास वेदांती को दी श्रद्धांजलि, राम मंदिर में किया दर्शन-पूजन
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































