Breaking News

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलेगा, IMD का अलर्ट—पहााड़ों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा और तेज हवाएं

Bolta Sach News
|
Weather patterns in many states of the country
बोलता सच,नई दिल्ली : देशभर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। इसी बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार 5 से 6 फरवरी और फिर 9 से 11 फरवरी के बीच पहाड़ी राज्यों में झमाझम बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 2–3 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 6 फरवरी को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और बिहार में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में 7 फरवरी की सुबह और रात के समय घना कोहरा रह सकता है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है। ऐसे में सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलेगी। 6 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिन के समय सतही हवाओं की रफ्तार 15 से 25 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। सुबह के वक्त हल्का कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। 7 और 8 फरवरी को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 फरवरी की सुबह प्रदेश के कई जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान दृश्यता बेहद कम हो सकती है। पश्चिमी यूपी और आसपास के क्षेत्रों में 20–30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बिहार में अलर्ट

IMD ने बिहार के लिए भी 6 फरवरी को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय कोहरे के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, वहीं ट्रेनों के संचालन में देरी की आशंका है। आने वाले दिनों में राज्य में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखी जा सकती है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 7 फरवरी की सुबह घना कोहरा छा सकता है और तेज हवाओं के कारण ठंड और ज्यादा महसूस होगी।
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन 9 फरवरी से फिर बदलाव के संकेत हैं। 9 से 11 फरवरी के बीच राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

राजस्थान में ठंड बरकरार

राजस्थान के कई जिलों में कड़ाके की ठंड जारी है। सीकर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पूर्वी राजस्थान में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं, लेकिन ठंडी हवाएं लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर में दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से 6 फरवरी को बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना है। इसके अलावा 9 से 11 फरवरी के बीच एक और विक्षोभ के असर से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ी इलाकों में सड़क यातायात और पर्वतीय मार्गों पर असर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।

इसको भी पढ़ें : गगहा में भाजपा नेता पर फायरिंग: चार नामजद पर केस, एक आरोपी गिरफ्तार, सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य हिरासत में

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply