Breaking News

दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र हंगामे के साथ शुरू, वायु प्रदूषण पर विपक्ष का विरोध

Bolta Sach News
|
winter of delhi assembly

बोलता सच,दिल्ली : दिल्ली विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र सोमवार को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत में ही वायु प्रदूषण के मुद्दे पर विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने जोरदार हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही बाधित हो गई।

हंगामे के दौरान स्पीकर को कार्रवाई करनी पड़ी और आप के चार विधायकों—संजीव झा, कुलदीप कुमार, सोमदत्त और जरनैल सिंह—को अगले तीन दिनों के लिए सदन की कार्यवाही से निष्कासित कर दिया गया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। शीतकालीन सत्र 8 जनवरी तक चलेगा, हालांकि आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है।

मास्क पहनकर पहुंचे आप विधायक

वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक मास्क पहनकर विधानसभा पहुंचे थे। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार दिल्ली में गंभीर प्रदूषण संकट पर न तो ठोस कार्रवाई कर रही है और न ही इस पर चर्चा को तैयार है।

उपराज्यपाल का अभिभाषण

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने अपने अभिभाषण में कहा कि महात्मा गांधी के सर्वोदय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और डॉ. भीमराव अंबेडकर के समता के सिद्धांतों के अनुरूप सरकार ने पिछले 10 महीनों में दिल्ली के नागरिकों के कल्याण के लिए कई अहम फैसले लिए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने इस वर्ष 1 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया और ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत व्यावसायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया है। उन्होंने माना कि दिल्ली में प्रदूषण, यमुना की सफाई और सड़कों जैसी समस्याएं लंबे समय से चली आ रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें हल करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

आप का आरोप: भाजपा प्रदूषण पर चुप

दिल्ली विधानसभा परिसर में आप ने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा,
“दिल्ली के लोग जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं, लेकिन भाजपा प्रदूषण पर न तो काम कर रही है और न ही बात करने को तैयार है। हमें सिर्फ इसलिए सदन से बाहर निकाला गया क्योंकि हमने मास्क पहने थे।”

कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए आतिशी ने कहा कि सभी आंकड़े बताते हैं कि इस साल प्रदूषण सबसे ज्यादा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक पंजाब में पराली नहीं जलाई जा रही, तो प्रदूषण का स्रोत क्या है।

“दिल्ली सरकार क्या कर रही है?” – आतिशी

आतिशी ने कहा,
“चार महीने से दिल्ली के लोग सांस नहीं ले पा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों की जान खतरे में है। एम्स जैसे संस्थान कह रहे हैं कि दिल्ली में रहना मुश्किल हो गया है। ऐसे में दिल्ली सरकार सिर्फ एक्यूआई मॉनिटर के आंकड़ों से छेड़छाड़ कर रही है और ग्रैप को सही तरीके से लागू नहीं कर रही।”

उन्होंने कहा कि आप विधायक दिल्ली की जनता की आवाज बनकर सदन में मास्क पहनकर पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शीतकालीन सत्र को अहम बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि वे सदन का समय सार्थक बहस और समाधान के लिए इस्तेमाल करें।

उन्होंने कहा,
“यह सत्र पॉलिसी और डिलीवरी के लिए बुलाया गया है। प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है। सभी विधायकों को मिलकर दिल्ली के हित में काम करना चाहिए।”

भाजपा का पलटवार

भाजपा नेता करनैल सिंह ने आप विधायकों के प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए कहा कि मास्क पहनकर वे अपनी 11 साल की नाकामियों और भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने कहा,
“संविधान के अनुसार उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कोई व्यवधान नहीं डाला जाता, लेकिन आप विधायकों ने बार-बार भाषण को बाधित करने की कोशिश की।”


इसको भी पढ़ें : ममता बनर्जी रखेंगी गंगासागर सेतु की आधारशिला, सागर द्वीप को मिलेगा स्थायी सड़क संपर्क

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply