बोलता सच,हाथरस (उत्तर प्रदेश) : जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब यमराज खुद सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को यातायात के नियम समझाते नजर आए। बिना हेलमेट बाइक चलाने और बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वालों को रोककर यमराज ने सख्त लेकिन रोचक अंदाज में नियमों के पालन की सीख दी।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के मुख्य तालाब चौराहे पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान परिवहन विभाग ने लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए यमराज की वेशभूषा का सहारा लिया। यमराज बने कर्मी ने नियम तोड़ने वालों से कहा, “नियमों का पालन नहीं करोगे तो उठा लेंगे हम, क्योंकि यमराज हैं हम।”
हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य
यमराज की भूमिका निभा रहे पीके रावत ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को रोककर यमराज की भाषा में समझाया कि सड़क पर निकलते समय हेलमेट और सीट बेल्ट लगाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर यातायात नियमों का पालन नहीं किया गया, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
हादसों को रोकना है मकसद
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के नवाचार से लोगों पर सकारात्मक असर पड़ता है और वे नियमों को गंभीरता से लेने लगते हैं। सड़क पर यमराज को देखकर वाहन चालकों ने भी नियमों का पालन करने का संकल्प लिया और अभियान को सराहा।
इसको भी पढ़ें : एसआईआर प्रक्रिया पूरी, देवरिया में मतदाता सूची से 4.14 लाख नाम बाहर
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































