बोलता सच,गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘साड़ी पहनने वाली महिला बांग्लादेश और पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बनेंगी’। मंत्री ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि यह कथावाचक के निजी विचार हो सकते हैं, लेकिन भारत में किसी व्यक्ति की पहचान उसके कपड़ों से नहीं होती।
मंत्री दयालु ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के वस्त्रों का भी अमेरिका में अपमान किया गया था, तब उन्होंने जवाब दिया था कि भारत में किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके चरित्र से होती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी संवैधानिक पद पर बैठने के योग्य है, तो उसे कपड़ों के जरिए कुछ साबित करने की जरूरत नहीं होती।
‘देश नियम और कानून से चलता है’
देवकीनंदन ठाकुर द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में मस्जिद की जगह मंदिर बनाने की बात कहे जाने पर मंत्री दयालु ने कहा कि वे साधु-संतों के बयानों में नहीं पड़ते। यह उनके व्यक्तिगत विचार और विचारधारा हो सकती है। उन्होंने साफ किया कि देश नियम और कानून से चलता है, उसकी अपनी सीमाएं और बाध्यताएं हैं और उन्हीं के अनुरूप देश आगे बढ़ रहा है।
एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव पर तंज
मंत्री दयाशंकर मिश्र ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि वे भले ही एसआईआर (Special Intensive Revision) की आलोचना करें, लेकिन इस प्रक्रिया में उनकी पार्टी और उनके लोग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल वोट बनवाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं, क्योंकि वोट नहीं बनेंगे तो चुनाव में मिलेंगे भी नहीं।
मंत्री ने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य साफ है—मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत हो सके।
इसको भी पढ़ें : भदोही में बीएलओ ड्यूटी में लापरवाही: छह शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग सख्त
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































