Breaking News

गोरखपुर में युवक को गोली मारने से पहले यूट्यूब पर देखे थे वीडियो, आरोपी गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
young man in gorakhpur

बोलता सच ,गोरखपुर (रामगढ़ताल)। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के पथरा इलाके में सोमवार रात हुई फायरिंग की घटना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी प्रशांत सिंह ने घटना को अंजाम देने से पहले यूट्यूब और गूगल पर पिस्टल चलाने और गोलीकांड के बाद पुलिस कार्रवाई से जुड़ी वीडियो और खबरें देखीं थीं। प्रशांत ने अमन मौर्या को टहलते समय दौड़ाकर पांच गोलियां मारीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अमन ने घायल अवस्था में अपने चाचा को फोन कर घटना की सूचना दी। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।


अवैध पिस्टल से हमला, मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से खुलासा
एसपी सिटी अभिनव त्यागी के अनुसार, प्रशांत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से यह पता चला कि उसने घटना से पहले पिस्टल चलाने और पुलिस से बचाव की तकनीकें इंटरनेट पर खोजी थीं। आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि उसने अवैध पिस्टल बिहार से खरीदी थी और ऑनलाइन वीडियो देखकर उसे चलाना सीखा।

बहन का पीछा करने पर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले प्रशांत ने अमन मौर्या की बहन का पीछा किया था। इसको लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। विरोध करने पर प्रशांत ने अमन से रंजिश पाल ली और वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद आरोपी ने पिस्टल झाड़ियों में फेंक दी थी और खुद घर लौट आया, ताकि पुलिस को शक न हो। लेकिन घायल अमन ने अस्पताल में मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में स्पष्ट रूप से प्रशांत का नाम लिया। इसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।

पिस्टल और कारतूस बरामद
प्रशांत की निशानदेही पर पुलिस ने पिस्टल, तीन खोखा और एक कारतूस बरामद कर लिया है। पीड़ित अमन के पिता मनोज मौर्या की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को जेल भेज चुकी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़े : देवरिया: बुर्का पहनकर घूम रहा युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पुलिस कर रही पूछताछ

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “गोरखपुर में युवक को गोली मारने से पहले यूट्यूब पर देखे थे वीडियो, आरोपी गिरफ्तार”

Leave a Reply