बोलता सच,गोरखपुर : गोरखनाथ थाना क्षेत्र के सुभाषनगर कॉलोनी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक की तड़पते हुए मौत हो गई। युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से पहले अपने मोबाइल फोन से एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। कुछ ही देर बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोरखनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान
पुलिस को मृतक की पीठ पर टंगे बैग से एक आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान बलिया जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकहवसापुर निवासी कार्तिक यादव उर्फ अभिषेक यादव (25) के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मोबाइल से मिला वीडियो, दवा का रैपर भी बरामद
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। जांच के दौरान मोबाइल में करीब दो मिनट का एक वीडियो मिला है, जिसमें युवक जहरीला पदार्थ लेने की बात करता दिखाई दे रहा है। युवक के पास से एक दवा का रैपर भी बरामद हुआ है। वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पहले से दर्ज था गंभीर आपराधिक मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक तिवारीपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। छात्रा के पिता की तहरीर पर 10 सितंबर 2024 को उसके खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोप है कि युवक छात्रा का पीछा करता था, रास्ते में रोकता था और बात न करने पर धमकी देता था। इसके अलावा, उसने छात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी प्रयास किया था।
जेल जा चुका था मृतक
तिवारीपुर पुलिस ने 3 नवंबर 2024 को आरोपी को डोमिनगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बताया गया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह करीब दो महीने तक फरार रहा था। उस दौरान पीड़ित पक्ष ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे।
पुलिस का बयान
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, मोबाइल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार तथ्यात्मक जानकारी के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है। मानसिक तनाव या संकट की स्थिति में विशेषज्ञों या हेल्पलाइन की सहायता लेना आवश्यक है।
इसको भी पढ़ें : फर्जी दस्तावेज से शिक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट सख्त, 6 माह में पूरे यूपी में जांच के आदेश
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































