Breaking News

कुकुत्था नदी में डूबे युवक का शव 9 किलोमीटर दूर बंजरिया पुल के पास बरामद

Bolta Sach News
|
Youth drowned in Kukuttha river
बोलता सच ,हसू बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के रहसू जनूबीपट्टी गांव के पास सोमवार को कुकुत्था नदी पार करते समय डूबे युवक का शव मंगलवार को नदी से नौ किलोमीटर दूर बंजरिया पुल के पास बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने घंटों की खोजबीन के बाद शव को निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रहसू जनूबीपट्टी के मुसहर बस्ती निवासी बासुदेव राजभर (40) सोमवार की दोपहर लकड़ी काटने के लिए कुलकुला जंगल गया था। लकड़ी काटने के बाद जब वह नदी पार कर अपने गांव लौट रहा था, तभी तेज धारा में बह गया। बताया गया कि नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और धारा बहुत तेज थी, जिसके कारण बासुदेव खुद को संभाल नहीं सका और पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही साथियों ने शोर मचाया और ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना कसया एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मंगलवार की सुबह नर्वदेश्वर मिश्र की अगुवाई में एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने नदी में लगातार घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार काफी प्रयासों के बाद बासुदेव का शव घटना स्थल से लगभग नौ किलोमीटर दूर बंजरिया पुल के पास मिला।
घटना की जानकारी पर पहुंचे कसया तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने परिजनों को तत्काल सहायता दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटेदार को प्रभावित परिवार को तत्काल राशन उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया।
इसी दौरान फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से बात कर परिजनों को हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया और परिवार को ढांढस बंधाया।
इस संबंध में एसओ चौराखास अजय कुमार पटेल ने बताया कि, “बंजरिया पुल के पास एसडीआरएफ टीम ने बासुदेव राजभर का शव नदी से बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
बासुदेव के असमय निधन से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि वह मेहनतकश और परिवार के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उनके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस को भी पढ़ें : लंबी बीमारी के बाद पंडित आचार्य अमर नाथ शुक्ल का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “कुकुत्था नदी में डूबे युवक का शव 9 किलोमीटर दूर बंजरिया पुल के पास बरामद”

Leave a Reply