Breaking News

सड़क हादसे में मृत कांस्टेबल विवेक सिंह के घर पहुंचे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिजनों को बंधाया ढांढस

Bolta Sach News
|
Constable killed in road accident
बोलता सच,तरकुलवा/देवरिया : होली के दिन सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कांस्टेबल विवेक सिंह के घर शुक्रवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोहनरिया के टोला चिउटहा निवासी नागमणि सिंह भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष हैं। उनके बड़े बेटे विवेक सिंह (29) पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी तैनाती गोरखपुर स्थित एडीजी कार्यालय में थी।
बताया जा रहा है कि होली के दिन बुधवार को विवेक सिंह दोपहर तक गोरखपुर में इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से अपने घर सोहनरिया लौट रहे थे, ताकि परिवार के साथ होली मना सकें। इसी दौरान रास्ते में माड़ापार के पास उनका सड़क हादसा हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही उनके आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और इस कठिन समय में भाजपा परिवार तथा प्रदेश सरकार मृतक के परिजनों के साथ खड़ी है।
मंत्री ने मृत कांस्टेबल की मां मंजू देवी से भी मुलाकात की। बेटे की मौत से व्यथित मां की चीख-पुकार सुनकर मंत्री भी भावुक हो गए। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि विवेक सिंह को वापस तो नहीं लाया जा सकता, लेकिन इस दुख की घड़ी में पूरी भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार उनके परिवार के साथ है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से मृतक कांस्टेबल के परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि परिवार को सहारा मिल सके। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दुष्यंत राव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अंबुज शाही, राजू भारती, जीवन पति त्रिपाठी, संतोष पति त्रिपाठी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े : देवघाट में दुर्गा माता प्राण प्रतिष्ठा से पहले निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply