बोलता सच,देवरिया : तरकुलवा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गांव में स्थित पुराने मकान के अंदर मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
कंचनपुर निवासी आकाश मद्धेशिया (28) पुत्र सीताराम महाराष्ट्र में पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था। वह होली का त्योहार मनाने के लिए दो मार्च को अपने गांव आया था। परिवार के अनुसार सोमवार सुबह आकाश घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने पुराने मकान की ओर गया था। दोपहर तक जब वह खाना खाने के लिए घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान जब परिवार के लोग पुराने मकान पर पहुंचे तो वहां का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो आकाश मृत अवस्था में पड़ा था।
परिजनों का कहना है कि युवक के गले पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
मृतक के पिता सीताराम ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। मां इंदु देवी और भाई विकास व सूरज सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़े : देवरिया: रुद्रपुर पुलिस ने लूट और डकैती की दो घटनाओं का किया खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































