Breaking News

देवरिया: रुद्रपुर पुलिस ने लूट और डकैती की दो घटनाओं का किया खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
Deoria Rudrapur police arrested the looter and
बोलता सच,देवरिया : देवरिया जिले की रुद्रपुर पुलिस ने लूट और डकैती की दो घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई नकदी, अवैध असलहे और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर रुद्रपुर-डाला मार्ग स्थित लखनाघाट मोड़ के पास की गई।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान गोलू यादव, राजन गुप्ता, राहुल साहनी, शिवम सिंह, रोशन यादव उर्फ छोटू और नितेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी के अलावा एक अवैध पिस्टल, चार अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें उन्होंने कई आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 28 फरवरी 2026 को डहरौली बुजुर्ग स्थित ओमकार नाथ साहनी के पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना को अंजाम देना कबूल किया। इस घटना में बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन सचिन साहनी को तमंचा दिखाकर करीब 8,440 रुपये नकद लूट लिए थे। इस मामले में पेट्रोल पंप के मैनेजर आकाश निषाद की तहरीर पर रुद्रपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसके अलावा आरोपियों ने 3 दिसंबर 2025 को एकौना थाना क्षेत्र में करहकोल के पास तिघरा-खैरवा बांध पर एक अन्य लूट की वारदात को भी स्वीकार किया है। इस घटना में बदमाशों ने एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रोककर उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस मामले में भी एकौना थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
रुद्रपुर पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों लंबित मामलों का खुलासा हो गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनसे अन्य आपराधिक घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इसे भी पढ़े : देवघाट में दुर्गा माता प्राण प्रतिष्ठा से पहले निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply