Breaking News

गोरखपुर: गोल्डेन साहनी पर युवतियों के अपहरण की कोशिश और फायरिंग का आरोप, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज

Bolta Sach News
|
Gorakhpur Girls on Golden Sahni
बोलता सच,गोरखपुर :  गोरखपुर में मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर दो लोगों को कुचलने की घटना से पहले गीडा इलाके में दो युवतियों के अपहरण की कोशिश और फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार इस घटना को अंजाम देने का आरोप गोल्डेन साहनी पर लगा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़खानी और अपहरण की कोशिश जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला तब सामने आया जब बेलीपार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने गीडा थाने में लिखित शिकायत दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह चार जून की सुबह अपनी सहेली के साथ लखनऊ से गोरखपुर आई थी और बाघागाड़ा इलाके में स्थित एक होटल में ठहरी हुई थी। दोपहर करीब तीन बजे जब वह अपनी सहेली के साथ होटल से निकलकर अपने गांव लौट रही थी, तभी गोल्डेन साहनी काले रंग की लग्जरी कार से चार-पांच साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

पीड़िता का आरोप है कि गोल्डेन साहनी और उसके साथियों ने दोनों युवतियों को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। जब युवतियों ने इसका विरोध किया और शोर मचाया तो गोल्डेन साहनी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। हालांकि उस समय आरोपी शराब के नशे में बताया जा रहा था, जिसके कारण उसका निशाना चूक गया और दोनों युवतियों की जान बच गई।

घटना के दौरान वहां मौजूद एक युवक ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। वीडियो में आरोपी गोल्डेन साहनी कथित रूप से अपशब्द बोलते हुए और अपने रसूख का प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहा है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dr. Kaustubh ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply