Breaking News

5 साल के भव्य ने दिखाई गजब प्रतिभा, 195 देशों के झंडे पलभर में पहचान लेते हैं

Bolta Sach News
|
5 year old Bhavya showed amazing performance
बोलता सच,आगरा : कहा जाता है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, और इसे सच साबित किया है आगरा के 5 वर्षीय भव्य कुशवाह ने। अपनी असाधारण याददाश्त और सीखने की क्षमता के कारण भव्य आज चर्चा का विषय बन गए हैं। आगरा के रजरई गांव स्थित अंसल हाइट्स में रहने वाले भव्य अपनी उम्र के बच्चों से बिल्कुल अलग हैं। यूकेजी में पढ़ने वाले भव्य की खासियत यह है कि वह दुनिया के 195 देशों के झंडों को देखकर कुछ ही पलों में उनका नाम बता देते हैं। उन्होंने यह पूरा काम महज 5 मिनट 12 सेकंड में कर दिखाया, जो किसी बड़े रिकॉर्ड से कम नहीं है।
भव्य के पिता स्वपेंद्र कुशवाह, जो बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर हैं, अपने बेटे की इस प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना चाहते हैं और उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवाने की तैयारी कर रहे हैं।
भव्य की इस सफलता के पीछे उनकी मां प्रतिका कुशवाह का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के लिए मुंबई में अपनी लाखों रुपये सालाना की नौकरी छोड़ दी और अब पूरी तरह से उनके विकास पर ध्यान दे रही हैं। प्रतिका बताती हैं कि जब वह अपनी बेटी को पढ़ाती थीं, तो भव्य भी साथ बैठकर पढ़ने और चित्रकारी में रुचि लेने लगे। इसी दौरान उन्होंने झंडों को बनाना और पहचानना शुरू किया।
मां ने भव्य की रुचि को समझते हुए उसे उसी दिशा में आगे बढ़ाया। वह टीवी और अन्य माध्यमों से रोजाना 7 से 8 देशों के झंडे दिखाकर उनके नाम याद करवाती हैं। निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन के चलते भव्य ने आज 195 देशों के झंडे और उनके नाम याद कर लिए हैं।
भव्य के पिता के अनुसार, बचपन से ही उन्हें रंग-बिरंगी तस्वीरों में दिलचस्पी थी और टीवी पर दिखने वाले झंडों ने उनका ध्यान खास तौर पर आकर्षित किया। इसी रुचि ने धीरे-धीरे उनकी असाधारण प्रतिभा का रूप ले लिया।
भव्य की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और अभ्यास से छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

इसे भी पढ़े : यूपी में डीजीपी नियुक्ति पर फिर संकट, यूपीएससी ने राज्य सरकार का प्रस्ताव लौटाया

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply