Breaking News

गोरखपुर में टीनशेड पर नग्न युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Bolta Sach News
|
Naked on a tin shed in Gorakhpur
बोलता सच,गोरखपुर। जिले के गगहा थाना क्षेत्र के रावतपार गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शौचालय के टीनशेड के ऊपर एक अज्ञात युवक का नग्न शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर-वाराणसी हाईवे से करीब 20 मीटर दूर स्थित एक आटा चक्की के पीछे बने टीनशेड शौचालय पर लगभग 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों के मुताबिक शव पूरी तरह नग्न अवस्था में था और उसके हाथ में एक संदिग्ध पैकेट भी मिला है। घटना का पता तब चला जब आटा चक्की संचालक सुबह शौचालय के लिए पहुंचे। टीनशेड पर शव देखकर उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद सुबह करीब 6:15 बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश कुमार पुरी, क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज सिंह और थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से करीब 25 मीटर दूर एक पेड़ पर जींस पैंट और टी-शर्ट लटकी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि ये कपड़े मृतक के ही हो सकते हैं। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत कैसे हुई और शव टीनशेड तक कैसे पहुंचा। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि घटना कहीं और हुई हो और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया हो।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply