बोलता सच,अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ईद के मौके पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव व मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, रोरावर थाना क्षेत्र के तलाशपुर गांव में मुस्लिम समुदाय की अल्वी और मेवाती बिरादरी के बीच पहले से ही तनाव चला आ रहा था। शनिवार को ईद की नमाज के बाद एक युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ईद का जश्न न मनाकर मातम मनाना चाहिए। इस पर दूसरे पक्ष के युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद भड़क उठा।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग सड़क पर उतर आए और एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआती दौर में पुलिस की मौजूदगी में भी लोग पथराव करते रहे। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को काबू में किया गया।
घटना में घायल हुए लोगों में नदीम, हसीना, जमीला, यूसुफ, बोना और मौसीन उर्फ हाजी शामिल हैं। इनमें से यूसुफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
थाना रोरावर प्रभारी निरीक्षक जोगेंद्र सिंह के मुताबिक, सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच यह विवाद हुआ। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा कोई तनाव न बढ़े।
इसे भी पढ़े : कुरुक्षेत्र में एएनसी की बड़ी कार्रवाई: यूपी की महिला 4.3 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार, दो और आरोपी दबोचे
➤ You May Also Like





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































