Breaking News

महिलाओं को लेकर सपा के वादे पर गरमाई सियासत, डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

Bolta Sach News
|
SP's promises regarding women
बोलता सच,लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल अभी से गरमाने लगा है। इसी बीच समाजवादी पार्टी द्वारा महिलाओं के लिए किए गए वादे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने घोषणा की थी कि 2027 में सत्ता में आने पर महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस बयान के बाद सत्ताधारी दल के नेताओं ने कड़ा पलटवार किया है।

केशव मौर्य का तीखा हमला

केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डालना है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता पहले भी कई चुनावों में सपा को नकार चुकी है और 2027 में उसका पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
मौर्य ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि सपा का राजनीतिक अस्तित्व खत्म हो चुका है और वह केवल “ख्याली पुलाव” देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के पास “गुंडों, माफिया और अपराधियों की फौज” है, जो प्रदेश की सुरक्षा के लिए खतरा है।

बृजेश पाठक ने भी साधा निशाना

वहीं, बृजेश पाठक ने भी सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उसका रवैया “सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली” जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में महिलाओं की स्थिति बेहद खराब थी और वे खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं।
पाठक ने कहा कि सपा को महिला सम्मान की बात करने से पहले अपने कार्यकाल पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता अब ऐसे दावों पर भरोसा नहीं करेगी।

चुनावी माहौल में तेज हुई बयानबाजी

हालांकि विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों के बीच सियासी टकराव आने वाले समय में और बढ़ने की संभावना है।

इसे भी पढ़े : अभ्युदय योजना से उड़ान भर रहीं यूपी की बेटियां, सिविल सेवा में रच रहीं सफलता की नई कहानी

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply