Breaking News

गोरखनाथ मंदिर में 4 साल की बच्ची ने सीएम योगी को दिया बुलडोजर खिलौना, मुस्कुरा उठे मुख्यमंत्री

Bolta Sach News
|
4 year old girl in Gorakhnath temple
बोलता सच,गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बच्चों के प्रति स्नेह एक बार फिर देखने को मिला। शुक्रवार को गोरखपुर दौरे के दौरान एक चार साल की बच्ची ने उन्हें ऐसा अनोखा तोहफा दिया, जिसे देखकर मुख्यमंत्री खिलखिला उठे और वहां मौजूद लोगों के चेहरे भी मुस्कान से खिल गए।

मुख्यमंत्री अपनी नियमित दिनचर्या के तहत गोरखनाथ मंदिर में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कानपुर से अपने माता-पिता के साथ आई चार वर्षीय यशस्विनी सिंह पर पड़ी। मासूम बच्ची को देखकर सीएम योगी ने उसे अपने पास बुलाया, उससे बातचीत की और उसे चॉकलेट भी दी।

इसी बीच यशस्विनी ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह उनके लिए एक खास गिफ्ट लाई है और उन्हें आंखें बंद करने को कहा। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए उसकी बात मान ली। जैसे ही उन्होंने आंखें बंद कीं, बच्ची ने उनके हाथ में एक छोटा सा बुलडोजर खिलौना रख दिया। यह देखकर मुख्यमंत्री समेत वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

यशस्विनी ने मासूमियत भरे अंदाज में कहा कि उन्हें पता है कि मुख्यमंत्री को बुलडोजर पसंद है, इसलिए वह यह गिफ्ट लेकर आई है। यह सुनकर मुख्यमंत्री और अधिक प्रसन्न हो गए। यशस्विनी कानपुर के प्रताप इंटरनेशनल कॉलेज में नर्सरी की छात्रा है और अपने पिता अभय सिंह राजावत व मां प्रियदम्वा सिंह के साथ गोरखनाथ मंदिर में आशीर्वाद लेने आई थी। मुख्यमंत्री से मिलकर वह बेहद खुश नजर आई।

इस अवसर पर रामनवमी के पावन मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में मां सिद्धिदात्री की विधिवत पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने पारंपरिक रूप से कन्या पूजन किया, कन्‍याओं के चरण पखारे, उन्हें भोजन कराया और उपहार भी भेंट किए।

मुख्यमंत्री हर वर्ष नवरात्रि और रामनवमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में इस परंपरा का पालन करते हैं। इस आयोजन को लेकर हर साल विशेष तैयारियां की जाती हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply