बोलता सच,नई दिल्ली : एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट जा रही फ्लाइट में गुरुवार को तकनीकी खराबी आने के बाद उसे बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इस घटना से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और विमान की तकनीकी स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
क्या हुआ था फ्लाइट में?
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट संख्या AI111 ने सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, विमान जब सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तभी उसे वापस मोड़ने का निर्णय लिया गया।
विमान करीब चार घंटे तक हवा में रहने के बाद लौटाया गया और कुल सात घंटे की उड़ान के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान विमान के अंदर असामान्य आवाजें सुनाई दी थीं, जिसके बाद एहतियातन यह फैसला लिया गया।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि संदिग्ध तकनीकी खराबी के चलते विमान को वापस बुलाया गया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया और विमान की विस्तृत जांच की जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए भरोसा दिलाया कि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुकी है समस्या
बताया जा रहा है कि जिस A350-900 विमान (VT-JRF) में यह खराबी आई, उसमें इससे पहले भी तकनीकी समस्या आ चुकी है। 15 मार्च को न्यूयॉर्क से दिल्ली आते समय इसी विमान को तकनीकी दिक्कत के कारण आयरलैंड के शैनन शहर की ओर डायवर्ट करना पड़ा था।
लगातार सामने आ रही तकनीकी समस्याएं एयर इंडिया के नए A350-900 विमानों के रखरखाव और संचालन को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। अब इस मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट से ही खराबी के असली कारण का पता चल सकेगा।
इसे भी पढ़े : साइबर ठगी के लिए बैंक खाते खुलवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































