बोलता सच,देवरिया : गोरखपुर में काम करने गए ग्राम सभा पकहा के गजही टोला निवासी हृदया कुशवाहा की बुधवार शाम दर्दनाक मौत हो गई। वह सेटरिंग का काम करते समय अचानक गिर पड़े, जिससे उनकी जान चली गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक हृदया कुशवाहा, पुत्र गुदरी भगत, मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, वह करीब तीन दिन पहले ही गोरखपुर के एक मैरेज हॉल में सेटरिंग का काम करने के लिए गए थे। काम के दौरान ही वह किसी ऊंचाई से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि हृदया कुशवाहा हाल ही में विदेश से मजदूरी करके अपने गांव लौटे थे। बेहतर आजीविका की तलाश में वह लगातार मेहनत कर रहे थे। करीब चार साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन साल की एक बेटी और महज तीन महीने का एक बेटा है। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन गोरखपुर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार शाम को गजही घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। हृदया कुशवाहा की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
इसे भी पढ़े : कानपुर में सीवर टैंक में उतरे पिता-पुत्र की दम घुटने से मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
➤ You May Also Like






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































