Breaking News

देवरिया में पशु तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, पिकअप से 9 गोवंश बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
On animal smuggling in Deoria
बोलता सच,देवरिया : जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 9 गोवंशीय पशु बरामद किए हैं। इस दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बनकटा थाना टीम को धरहनिया गांव स्थित एक मुर्गी फार्म के पास पशु तस्करों की गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पिकअप वाहन (UP 52BT 3660) को रोका गया, जिसमें 9 गोवंशीय पशु लदे हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन पशुओं को बिहार ले जाया जा रहा था।
मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने वाहन और पशुओं को कब्जे में ले लिया। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान परान छपरा, नदावर घाट, थाना सलेमपुर निवासी हीरा यादव (पुत्र निर्मल यादव) और वार्ड नंबर-1 भगड़ा भवानी, मझौलीराज, थाना सलेमपुर निवासी दिलीप तुरहा (पुत्र स्वामीनाथ तुरहा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। हीरा यादव पर पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दिलीप तुरहा पर मारपीट, दुष्कर्म, गोवध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बरामद किए गए सभी पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से पशु तस्करी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

इसे भी पढ़े : एयर इंडिया की दिल्ली-लंदन फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 7 घंटे बाद वापस लौटा विमान

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply