Breaking News

गोरखपुर में मुठभेड़: 1 लाख का इनामी गो-तस्कर जुबैर उर्फ कालिया ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल; सीओ की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी दो गोलियां

Bolta Sach News
|
Gorakhpur encounter ₹1 lakh

बोलता सच गोरखपुर। शुक्रवार देर रात गंज थाना क्षेत्र के चाकू चौराहे के पास पुलिस और गो-तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश जुबैर उर्फ कालिया मारा गया। घटना में एक उपनिरीक्षक और एक सिपाही घायल हो गए, जबकि सीओ सिटी जितेंद्र सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर दो गोलियां लगीं। इससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही डीआईजी मुनिराज जी, डीएम जोगिंदर सिंह और एसपी विद्यासागर मिश्र मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे सीओ सिटी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ चाकू चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। आरोपी ने रुकने के बजाय पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बाइक गिरने के बाद बढ़ी झड़प

चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी ने भागने की कोशिश की तो उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने लगातार चार गोलियां चलाईं। पहली गोली सीओ के वाहन के शीशे में लगी, जबकि दूसरी गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर। बाकी गोलियां दरोगा राहुल सिंह और कांस्टेबल संदीप सिंह को लगीं, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली जुबैर के सीने में आर-पार हो गई।

हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक पिस्टल, एक तमंचा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। देर रात तक पुलिस टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी रही।

दूसरा साथी फरार

मुठभेड़ के दौरान जुबैर के साथ बाइक चला रहा उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की लोकेशन रामपुर क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

गोरखपुर बवाल का मुख्य आरोपी

जुबैर उर्फ कालिया गोरखपुर में हाल ही में हुए बवाल का मुख्य आरोपी था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। डीआईजी मुनिराज जी ने बताया कि पुलिस जुबैर के आपराधिक रिकॉर्ड की भी छानबीन कर रही है।


इस खबर को भी पढ़ें : अक्तूबर से बिजली उपभोक्ताओं को राहत, उज्ज्वला लाभार्थियों को निशुल्क सिलेंडर

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: